Margin Trading Facility: रिटेल निवेशकों के लिए श्राप या वरदान! Explained

Margin Trading Facility: रिटेल निवेशकों के लिए श्राप या वरदान! Explained 

दिसंबर में ऐसे कई मौके आए हैं जब निफ्टी ने जबरदस्त गोता लगाया. इसके कई कारण हो सकते हैं, इनमें से एक कारण मार्जिन ट्रेडिंग फैसिलिटी (MTF) को भी माना जा रहा है. चूंकि ये एक ऐसी चीज है जिसके बारे में लोगों को ज्यादा नहीं पता, जो लोग इसके बारे में थोड़ा बहुत जानते भी हैं और इससे पैसा कमाने की कोशिश की तो हाथ जला बैठे. 
Margin Trading Facility: A Boon or a Bane for Retail Investors? Explained


MTF एक दोधारी तलवार जैसी है, मतलब इससे मुनाफा तो तगड़ा है, लेकिन नुकसान का कोई अंत नहीं. अगर इस तलवार को चलाना नहीं जानते हैं तो आप सिर्फ अपना नुकसान ही करते हैं, इसलिए रिटेल निवेशकों को तो इससे दूर ही रहना चाहिए. 

MTF कैसे काम करता है?

मार्जिन ट्रेडिंग फैसिलिटी (MTF) कैसे काम करता है, इसके क्या जोखिम हैं, इसको बेहद आसान भाषा में समझते हैं. 

  • मार्जिन ट्रेडिंग फैसिलिटी (MTF) शेयर बाजार में उधार लेकर शेयर खरीदने की सुविधा होती है. इसमें ब्रोकरेज आपको कुछ पैसे उधार देता है ताकि आप अपनी पूंजी से ज्यादा मूल्य के शेयर खरीद सकें. सुनने में कानों को जितना अच्छा लग रहा है, इसमें जोखिम इससे कहीं ज्यादा बड़ा होता है, खासकर रिटेल निवेशकों के लिए. 
  • MTF में आप शेयरों को खरीदने के लिए कुल राशि का सिर्फ एक हिस्सा खुद देते हैं, जिसे मार्जिन कहते हैं और बाकी की रकम ब्रोकर आपको उधार के तौर पर देता है. जिस पर आपसे हर रोज के हिसाब से ब्याज (10-18%) भी लेता है, इसको एक तरह से शॉर्ट टर्म लोन समझ लीजिए. 
  • यह डिलीवरी बेस्ड ट्रेडिंग के लिए है मतलब ये कि पोजीशन को आप जब तक चाहें कैरी फॉरवर्ड कर सकते हैं, न कि सिर्फ इंट्राडे के लिए. ब्रोकरेज केवल उन्हीं स्टॉक्स पर MTF देता है जो SEBI और एक्सचेंज की MTF-की मंजूर की गई लिस्ट में शामिल होते हैं. 
  • मार्जिन आमतौर पर 25-50% तक होता है यानी आप 2x से 4x तक लेवरेज ले सकते हैं कई ब्रोकर इससे ज्यादा भी मार्जिन देते हैं. आपको कितना लेवरेज मिलेगा ये इस बात पर निर्भर करता है कि आप कौन से स्टॉक को ट्रेड कर रहे हैं. 
कम पैसे में ज्यादा फायदा उठाने की कोशिश

मार्जिन ट्रेडिंग फैसिलिटी निवेशकों को उन मौकों का तुरंत फायदा उठाने में मदद करता है जब उन्हें लगता है कि शेयर की कीमत बढ़ने वाली है, भले ही उनके पास उस समय ज्यादा पैसे न हों, वो MTF के जरिए उस मौके का फायदा उठा सकते हैं. MTF से निवेशक ज्यादा पैसे उधार लेकर शेयर खरीद लेता है, और जबतक वो इस उधार की रकम को चुका नहीं देता है शेयर ब्रोकर के पास कोलैटरल गिरवी रखे होते हैं, यानी वो निवेश के अकाउंट में नहीं आते हैं. साथ ही निवेशक को ब्रोकर से उधार ली गई राशि पर तब तक ब्याज देना होता है, जब तक वे पोजीशन को होल्ड करते हैं. 

अब इसको उदाहरण से समझते हैं. 

मान लीजिए आप कोई स्टॉक खरीदना चाहते हैं, जिसकी प्राइस 100 रुपये है और इसके 1000 शेयर लेना चाहते हैं, तो कुल आपको 1,00,000 रुपये चाहिए होंगे, लेकिन आपके पास केवल 25,000 रुपये ही हैं. आप अपने ब्रोकर से मार्जिन ट्रेडिंग फैसिलिटी के लिए कहते हैं. आपका ब्रोकर आपको 3X मार्जिन देता है यानी 75,000 रुपये. 

तो आपके पास हो गए 25,000 (आपके) + 75,000 (MTF) = 1,00,000 रुपये. 

केस 1: अब मान लीजिए कि शेयर की कीमत 20% बढ़ जाती है 

MTF के साथ:
शेयरों की नई वैल्यू: ₹1,20,000 (₹1,00,000 का 20% लाभ = ₹20,000)
कुल मुनाफा: ₹20,000 - ब्रोकर का ब्याज 
आपके ₹25,000 पर रिटर्न: 80% (ब्याज से पहले)

मतलब ये कि आप 25,000 रुपये लगाकर करीब 20,000 रुपये कमा लेंगे. 

MTF के बिना: 
MTF नहीं लेंगे तो आप सिर्फ 25,000 रुपये के ही शेयर खरीद सकेंगे 
20% भाव बढ़ने पर शेयरों की नई वैल्यू: ₹25,000 का 20% = ₹5,000  
कुल शेयरों का नया मूल्य: ₹30,000 

मतलब ये कि आप 25,000 रुपये लगाकर 5,000 रुपये कमा लेंगे. 

केस 2: अब मान लीजिए कि शेयरों की कीमत 20% गिर जाती है.  

MTF के साथ:
शेयरों का नया मूल्य: ₹80,000 (₹1,00,000 पर ₹20,000 का नुकसान)
आपका नुकसान: ₹20,000 + ब्रोकर ब्याज
आपके ₹25,000 पर नुकसान: लगभग 80% (+ ब्याज)

मतलब ये कि आपके 25,000 रुपये में से 20,000 रुपये नुकसान की भेंट चढ़ गए

MTF के बिना:
अगर MTF नहीं लेते हैं तो आप 25,000 के 20% नुकसान को झेलेंगे यानी 5,000 रुपये
मतलब 25,000 रुपये की रकम घटकर 20,000 रुपये हो जाएगी. तो ये उतना बड़ा झटका नहीं होगा. 

मार्जिन कॉल का खतरा 
MTF के साथ एक और बड़ा खतरा जुड़ा हुआ है, जिसे कहते हैं मार्जिन कॉल. अब जरा इसको भी समझ लीजिए
मार्जिन कॉल तब होती है जब आपके मार्जिन ट्रेडिंग अकाउंट में वैल्यू गिरने की वजह से मेंटेनेंस मार्जिन के स्तर से नीचे चली जाती है. तब ब्रोकर आपको कहता है कि भाई और पैसे डालोस नहीं तो वो आपकी पोजीशन को या शेयरों को खुद बेचकर नुकसान की भरपाई कर लेगा. मार्जिन कॉल MTF का सबसे डरावना पहलू है, क्योंकि निवेशक के तौर पर स्थिति आपके नियंत्रण में नहीं होती है और घाटा अनियंत्रित रूप से बढ़ सकता है. 

अब जरा इसको भी समझ लीजिए - 

मान लीजिए आपने ₹1,00,000 के शेयर MTF से खरीदे हैं
अपना मार्जिन: ₹25,000 
ब्रोकर से उधार: ₹75,000 
ब्रोकर का मेंटेनेंस मार्जिन रिक्वायरमेंट: 20% (मतलब ये कि कुल पोजीशन वैल्यू का कम से कम 20% आपके पास होना चाहिए) 

केस 1: 
मान लीजिए कि कीमत 5% गिरती है: पोजीशन की वैल्यू गिरकर हो जाएगी 95,000 रुपये  
इक्विटी की वैल्यू: ₹95,000-₹75,000 = ₹20,000  
मार्जिन प्रतिशत: ₹20,000/₹95,000 = 22.2% जो कि 20% से ज्यादा है, इसलिए मार्जिन कॉल ट्रिगर नहीं होगा, यानी आपके पास ब्रोकर का कॉल या मैसेज नहीं आएगा ज्यादा पैसे डालने के लिए. 

केस 2: 
मान लीजिए कि कीमत 10% गिरती है: पोजीशन की वैल्यू गिरकर हो जाएगी 90,000 रुपये 
इक्विटी की वैल्यू: ₹90,000-₹75,000 = ₹15,000  
मार्जिन प्रतिशत: ₹15,000/₹90,000 = 16.6% जो कि 20% से कम है, इसलिए मार्जिन कॉल ट्रिगर हो जाएगा और अब आपका ब्रोकर कहेगा कि भाई पैसे डालो, नहीं तो आपकी पोजीशन वो बेच देगा. 

आपको उतने पैसे और डालने होंगे जिससे मार्जिन प्रतिशत 20% या फिर इससे ज्यादा हो जाए
जैसे कि इस केस में ही ले लीजिए, आपको 90,000 का 20 प्रतिशत यानी 18,000 रुपये होना चाहिए. 
आपके पास अभी 15,000 रुपये ही है, 18,000 रुपये करने के लिए आपको 3,000 रुपये और डालने होंगे, ताकि मार्जिन 20% हो सके.

अगर मार्जिन प्रतिशत नहीं मेनटेन किया तो - 
अगर आपके पास उस वक्त पैसे नहीं हैं तो ब्रोकर आपको कुछ दिन का वक्त देता है पैसों का इंतजाम करने के लिए. फिर भी आप पैसे का इंतजाम नहीं कर पाए तो क्या होगा

  • ब्रोकर आपकी पोजीशन को खुद बेच देगा 
  • अगर शेयरों में गिरावट और बढ़ती जाी है तो ये स्थिति बहुत बुरी साबित हो सकती है, क्योंकि आपका मार्जिन कॉल बढ़ता चला जाता है और आप इस अंधे कुएं में पैसे डालते जाते हैं, यानी आपके घाटे की गहराई की कोई सीमा नहीं है. 
  • उधार लिए गए पैसे पर हर दिन आपको ब्याज देना होता है. अगर आप पोजीशन को लंबे समय तक रखते हैं, तो यह ब्याज आपके सिर पर मंडराता रहता है, क्योंकि आपको नुकसान हो या फायदा ब्याज तो आपको हर कीमत पर देना ही होगा. नुकसान की स्थिति में तो ये ब्याज बहुत भारी पड़ता है. 

इसलिए समझदार लोग रिटेल निवेशकों को MTF से दूर रहने की सलाह देते हैं. क्योंकि ये आपको तब डराता है, जब आपकी स्थिति कमजोर होती है. ये आपके पैसों को मिनटो में गायब कर सकता है, मानसिक तनाव बढ़ा सकता है. इसलिए ज्यादा लालच में मत पड़िए, शेयर बाजार में पैसा बनता है, Quick Money के चक्कर में न पड़कर बाजार में लंबी अवधि में पैसा बनाने की सोचें, निश्चिंत रहें, चैन की नींद लें. 

Twitter - https://x.com/SumitResearch

Insta - Mehrotra Sumit (@sumitresearch)

Youtube - https://www.youtube.com/@Sumitresearch

Facebook - https://www.facebook.com/sumitresearch/


Disclaimer: The information provided in this response is for informational and educational purposes only. It does not constitute financial, investment, or professional advice, nor is it a recommendation to buy, sell, or hold any securities, stocks, or investments. Always consult with a qualified financial advisor or conduct your own research before making any investment decisions. Past performance is not indicative of future results, and all investments involve risk, including the potential loss of principal.


Comments