इतिहास खुद को दोहराता है, और बात अगर शेयर बाजार की हो तो कई मौकों पर लगातार दोहराता है. बीते पांच साल के डेटा ये बताते हैं कि बाजार के लिए 15-21 दिसंबर वाला हफ्ता हमेशा गिरावट वाला रहा है. ये गिरावट 1% से 4% तक की रही है. अगर बीते पांच साल में जो होता आया है, वो इस बार भी हुआ तो बाजार के लिए चालू हफ्ता गिरावट वाला रहेगा, तो इस गिरावट के लिए खुद की कमर कस लीजिए.
साल 2020: इस साल 15-21 दिसंबर के हफ्ते दौरान निफ्टी 1.76% टूटा. 15 दिसंबर को निफ्टी 13,567.85 पर था, 21 दिसंबर को ये गिरकर 13,328.40 पर पहुंच गया. लेकिन पूरे दिसंबर के दौरान निफ्टी ने 6.65% का पॉजिटिव रिटर्न दिया था.
साल 2021: साल 2021 में भी 15 से 21 दिसंबर के बीच बाजार में कमजोरी देखने को मिली. 15 दिसंबर 2021 को निफ्टी 17,221.40 के स्तर पर था, लेकिन 21 दिसंबर तक यह गिरकर 16,770.85 पर आ गया. यानी इस दौरान निफ्टी में करीब 2.6% की गिरावट दर्ज की गई. हालांकि, इस कमजोरी के बावजूद पूरे दिसंबर महीने की तस्वीर अलग रही. 1 दिसंबर 2021 को निफ्टी 17,166.90 के स्तर पर था और महीने के आखिरी कारोबारी दिन यानी 31 दिसंबर 2021 को यह बढ़कर 17,354.05 पर बंद हुआ. यानी दिसंबर 2021 में निफ्टी ने कुल मिलाकर करीब 1.1% का पॉजिटिव रिटर्न दिया, लेकिन 15–21 दिसंबर वाला हफ्ता एक बार फिर निवेशकों के लिए दबाव वाला साबित हुआ.
साल 2022: साल 2022 में भी इतिहास खुद को दोहराता दिखा. 15 दिसंबर 2022 को निफ्टी 18,414.90 के स्तर पर ट्रेड कर रहा था, लेकिन 21 दिसंबर तक यह फिसलकर 18,199.10 पर आ गया. यानी इस एक हफ्ते में निफ्टी में करीब 1.2% की गिरावट दर्ज की गई. लेकिन पूरे दिसंबर महीने का हाल देखें तो यहां भी कमजोरी ही हावी रही. 1 दिसंबर 2022 को निफ्टी 18,812.50 पर था, जबकि 30 दिसंबर 2022 को यह गिरकर 18,105.30 पर बंद हुआ. यानी दिसंबर 2022 में निफ्टी ने नेगेटिव रिटर्न दिया और महीने भर दबाव बना रहा.
साल 2023: साल 2023 में भी 15–21 दिसंबर वाला पैटर्न पूरी तरह नहीं बदला. 15 दिसंबर 2023 को निफ्टी 21,456.65 के स्तर पर था, जो 21 दिसंबर तक गिरकर 21,255.05 पर आ गया. इस दौरान निफ्टी में लगभग 0.9% की गिरावट देखने को मिली. हालांकि, इस साल एक बड़ा फर्क यह रहा कि पूरे दिसंबर महीने में बाजार ने शानदार प्रदर्शन किया. 1 दिसंबर 2023 को निफ्टी 20,267.90 पर था और 29 दिसंबर को यह बढ़कर 21,731.40 पर बंद हुआ. यानी महीने के स्तर पर निफ्टी ने 7.2% का मजबूत पॉजिटिव रिटर्न दिया, लेकिन इसके बावजूद 15–21 दिसंबर का हफ्ता दबाव में ही रहा.
साल 2024: इस साल भी यही ट्रेंड देखने को मिला. 16 दिसंबर 2024 को निफ्टी 24,668.25 पर था, जो 20 दिसंबर 2024 तक गिरकर 23,587.50 पर पहुंच गया. इस दौरान निफ्टी में करीब 4.4% की तेज गिरावट देखने को मिली, जो बीते वर्षों के मुकाबले ज्यादा रही. पूरे महीने की बात करें तो 2 दिसंबर 2024 को निफ्टी 24,276.05 पर था, जबकि 31 दिसंबर 2024 को यह 23,644.80 पर बंद हुआ. यानि इस बार दिसंबर का महीना भी नकारात्मक रिटर्न के साथ खत्म हुआ.


Comments
Post a Comment